Agra News: शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन वाहनों पर 50 से अधिक चलना दर्ज हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
50 से ज्यादा चालान वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई
बैठक में तय किया गया कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित के ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। इसके साथ ही ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नीति को भी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए, ताकि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित हों। जिलाधिकारी ने शहर और ग्रामीणों क्षेत्रों की खराब सड़कों पर चिंता जताई। संबंधित विभागों को अगले 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। चेतावनी दी गई कि तय समय में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ओवरलोड वाहनों और टोल प्लाजा पर भी सख्ती
बैठक में ओवरलोड वाहनों की निगरानी को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। रायभा और फतेहाबाद टोल प्लाजा प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि ओवरलोड वाहनों की सूचना समय पर उपलब्ध कराई जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने थाना और चौकी प्रभारियों को नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलने के निर्देश दिए। शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जाम की समस्या कम करने के लिए विशेष योजना तैयार करने को कहा गया।
स्कूल वाहनों की होगी जांच (Agra News)
बैठक में बिना परमिट या फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। संबंधित विद्यालयों को नोटिक जारी किए जाएंगे और प्रत्येक स्कूल में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही चिन्हित ब्लैक स्पॉट का दोबारा ऑडिट कराने का फैसला लिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब पहले से अधिक सख्त कार्रवाई होगी। प्रशासन का उद्देश्य दुर्घटनाओं में कमी लाना, ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Agra News: आगरा में सीएम ग्रिड का काम बना आफत, बारिश के बाद घर-दुकानो तक पहुंचना मुश्किल




