Agra News: मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद आगरा के कई इलाकों में जलभराव कि स्थिति बन गई। बारिश शुरू होते ही नगर निगम की टीमें सक्रिय हो गई और जलभराव वाले स्थानों पर पानी की निकासी का काम शुरू कराया गया। स्थिति पर नजर रखने के लिए नगर निगम का कंट्रोल रूम भी लगातार सक्रिय रहा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों के साथ कई संवेदनशील इलाकों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
नगर निगम के मुताबिक शहर में करीब 40 स्थानों पर पंप और सीवर जेट मशीनों की मदद से जल निकासी कराई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश गए कि जहां भी पानी भरने की सूचना मिले, वहां तत्काल टीम भेजकर स्थिति सामान्य कराई जाए।
तेज बारिश के साथ सक्रिय हुई नगर निगम की टीमें
मंगलवार सुबह बारिश शुरू होते ही नगर निगम की टीमें फील्ड में उतर गईं। जलभराव की आशंका वाले इलाकों में पहले से तैनात कर्मचारियों ने नालियों और जल निकासी के रास्ते की निगरानी शुरू कर दी। नालों पर लगी जालियों की सफाई भी कराई गई, ताकि कचरे के कारण पानी की निकासी प्रभावित न हो। नगर निगम की ओर से बताया गया कि कई स्थानों पर बारिश के कारण पानी भर गया था, लेकिन टीमों की कार्रवाई के बाद अधिकांश जगहों से कुछ ही समय में पानी निकाल दिया गया। इसके लिए पंपों और सीवर जेट मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
नगर आयुक्त ने किया संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण
जलभराव कि स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य अधिकारियों के साथ सड़कों पर निकले। उन्होंने खेरिया मोड़, हाईवे और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पंप लगाए गए हैं, वहां पानी पूरी तरह निकलने तक पंप लगातार चलाए जाएं। कंट्रोल रूम से मिलने वाली शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नगर निगम अधिकारियों को साफ कहा गया कि जलभराव से जुड़ी सूचना मिलने के बाद मौके पर टीम पहुंचने में देरी नहीं होनी चाहिए।

इन इलाकों पर रही विशेष नजर (Agra News)
बारिश के दौरान नगर निगम ने शास्त्रीपुरम, आवास विकास कॉलोनी, बल्केश्वर, नेहरू नगर, आगरा कॉलेज चौराहा, कमला नगर, हरिपर्वत, राजामंडी, सुल्तानगंज पुलिया, शमसाबाद रोड, चर्च रोड, खेरिया मोड़, बिजलीघर, टेढ़ी बगिया, हाथरस रोड और ग्वालियर रोड समेत कई स्थानों को विशेष निगरानी में रखा। इन क्षेत्रों में जल निकासी की व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। नगर निगम की टीमों के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी स्थिति की जानकारी लेते रहे।
हर आधे घंटे में मांगी गई सफाई की रिपोर्ट
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के निर्देश पर नालियों की जालियों की नियमित सफाई कराई गई। सफाई कर्मचारियों को हर आधे से एक घंटे के भीतर कंट्रोल रूम को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गया, जिससे किसी भी स्थान पर पानी की निकासी बाधित होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। नगर निगम का कंट्रोल रूम पूरे दिन सक्रिय रहा। शिकायत मिलते ही संबंधित वार्ड की टीम को मौके पर भेजने की व्यवस्था की गई। नगर आयुक्त ने भी समय-समय पर कंट्रोल रूम से शहर की स्थिति की जानकारी ली।
जलभराव के बीच राहत की कोशिश
तेज बारिश के कारण कुछ सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह वाहन पानी के बीच से गुजरती दिखाई दिए। हालांकि नगर निगम की टीमों ने पंप और मशीनों की मदद से जल निकासी का काम तेज रखा। नगर निगम का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बारिश के दौरान किसी भी शिकायत को नजरअंदाज न किया जाए और जरूरत के अनुसार तत्काल संसाधन मौके पर भेजे जाएं।
Agra News: बारिश में धंसी सड़क, हरिपर्वत चौराहे पर ट्रैफिक डायवर्जन




