Agra News: शहर के जगदीशपूरा थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय छात्रा के कथित अपहरण और 40 लाख रूपये की फिरौती का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकला। पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता ने भारी कर्ज से बचने के लिए खुद ही अपहरण की साजिश रची और अपने दोस्त की मदद से बेटी को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। इसके बाद घर के बाहर फिरौती का पत्र डालकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
ऐसे सामने आया मामला: (Agra News)
माधवकुंज क्षेत्र निवासी एक कारोबारी की 10 वर्षीय बेटी हाल ही में पास की एक डांस अकादमी में दाखिल हुई थी। रोज की तरह पिता बच्ची को अकादमी छोड़कर लौट आए। शाम को घर के बाहर एक पत्र मिला, जिसमें 40 लाख रूपये की फिरौती मांगते हुए पुलिस को सूचना न देने की धमकी दी गई थी। पत्र पढ़ते ही परिवार में हड़कंप मच गया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इसी दौरान करीब साढ़े तीन घंटे बाद बच्ची सुरक्षित अपने घर लौट आई। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची अकेले घर की ओर आती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के कैमरे की रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू की।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले। सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति बच्ची को छोड़कर जाता दिखाई दिया। वहीं कॉल रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि बच्ची के पिता लगातार एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में थे, जो बाद में उनका दोस्त निकला। दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई तो पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि बच्ची के पिता पर करीब 60 लाख रूपये का कर्ज था। कर्जदाताओं के दबाव से परेशान होकर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपहरण और फिरौती की झूठी कहानी बनाई। योजना के तहत बच्ची को दोस्त के घर रखा गया, जबकि फिरौती का पत्र कार्यालय में टाइप कराकर घर के बाहर फेंका गया। बाद में जब पुलिस की जांच तेज हुई तो दोस्त को बच्ची को सुरक्षित वापस छोड़ने के लिए कहा गया
कार्यालय में टाइप कराया गया फिरौती का पत्र
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फिरौती का पत्र आरोपी ने अपने कार्यालय में टाइप कराया था। बच्ची को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने के बाद वह पत्र घर के बाहर डाल दिया गया, ताकि घटना वास्तविक लगे। लेकिन तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में पिता और उसके दोस्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना गंभीर अपराध है मामले में सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Agra Weather News: आगरा में बादल छाए, 38 डिग्री के पार तापमान, आज बारिश की संभावना
Agra Crime News: आगरा में 40 लाख की लूट निकली फर्जी, 60 लाख के कर्ज ने खुलवा दिया पूरा राज







