Agra News: आगरा में एलपीजी वितरक एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक में वितरकों और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई। बैठक में गैस सिलेंडर की उपलब्धता, ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं को आपूर्ति में अंतर तथा गैस एंजेसी संचालकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई।
आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल सेवन हिल टावर में रविवार को आयोजित बैठक में एलपीजी वितरण एसोसियेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीएस शर्मा ने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना है। हालांकि, केंद्र सरकार की कुछ नीतियां के कारण वितरणकों के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में अंतर
बैठक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर भी मुद्दा उठाया गया। एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में लगभग 25 दिन में सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। वितरकों ने इस अंतर को समाप्त करने की मांग उठाई।
एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए अधिक समय तक इंतजार नहीं करना चाहिए। समय पर आपूर्ति होने से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और गैस एजेंसियों पर भी अनावश्यक दबाव कम होगा।
गैस एजेंसी संचालकों की समस्याओं पर भी चर्चा
बैठक में गैस एजेंसी संचालकों की परेशानियों को लेकर भी चर्चा की गई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के साथ उनका एलपीजी ट्रेडिंग का अनुबंध है, लेकिन इसके बावजूद गैस चूल्हे और अन्य सामग्री वितरकों को दी जाती है और उन्हें उपभोक्ताओं को बेचने के लिए कहा जाता है।
वितरकों ने इस व्यवस्था को लेकर भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि एजेंसी संचालन से जुड़े काम के साथ इस तरह की अतिरिक्त जिम्मेदारियां परेशानी बढ़ाती हैं।
होम डिलीवरी चार्ज बढ़ाने की मांग
एलपीजी सिलेंडर की होम डिलीवरी को लेकर निर्धारित चार्ज का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के मुताबिक वर्तमान में होम डिलीवरी के लिए केवल 35 रूपये का चार्ज निर्धारित है, जिसे बढ़ाकर 150 रूपये करने की मांग की गई है। वितरकों का कहना है कि मौजूदा चार्ज में गैस सिलेंडर को होम डिलीवरी चार्ज में बढ़ोतरी की मांग की जा रही है।
मांगे नहीं मानीं तो जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की चेतावनी
बैठक में पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। एसोसिएशन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर बैठकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन का कहना है कि उनका उद्देश्य उपभोक्ताओं को परेशान करना नहीं, बल्कि वितरकों की समस्याओं का समाधान करना और गैस वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद (Agra News)
बैठक का संचालन पीयूष राय ने किया। इस दौरान कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार, रामनिवास तिवारी, योगेश तिगुजायत, संजय यादव सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एलपीजी वितरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते सरकार के सामने अपनी मांगें रखने और जरूरत पड़ने पर आंदोलन तेज करने की बात कही गई।
Agra News: भाभी से कांड के बाद युवक ने उठाया खौफनाक कदम, तीन मंजिला छत पर चढ़ा




