Agra News: आगरा सुभाष बाजार स्थित महावीर नाले पर बनी 51 साल पुरानी सात दुकानों को जल्द ही नगर निगम द्वारा ध्वस्त किया जाएगा। हाल ही में एक दुकान गिरने से महिला की मौत की घटना के बाद प्रशासन ने यह फैसला लिया है। नगर निगम का कहना है कि दुकानों की जर्जर स्थिति और नाले की सफाई में आ रही बाधा को देखते हुए कार्रवाई की जांच कराई।
जांच में सामने आया कि कई दुकानों का ढांचा कमजोर हो चुका है और इनके कारण महावीर नाले की नियमित सफाई भी प्रभावित हो रही है। इसी रिपोर्ट के आधार पर सात दुकानों को हटाने का निर्णय लिया गया।
51 साल पहले हुआ था निर्माण (Agra News)
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार महावीर नाले पर बनी इन दुकानों का निर्माण करीब 51 वर्ष पहले हुआ था। ज्यादातर दुकानों में कपड़ों का कारोबार होता है। जानकारी के मुताबिक इन दुकानों का किराया वर्षों पहले तय हुआ था और आज भी कई दुकानों का मासिक किराया लगभग 100 है। नगर निगम ने दुकानों को हटाने के लिए व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान तीन से चार बैकहो लोडर, दो चेन मशीनें और मलबा हटाने के लिए पांच से छह ट्रकों का उपयोग किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि तोड़फोड़ के बाद नाले की सफाई और पानी निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके।
दुकानदारों को पहले ही दिया गया था नोटिस
नगर निगम ने पिछले सप्ताह सभी प्रभावित दुकानदारों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर दुकानें खाली करने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों के अनुसार सात में से तीन दुकानदार अपनी दुकानें खाली कर चुके हैं, जबकि कुछ अन्य ने अतिरिक्त समय की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि नोटिस अवधि पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और शेष दुकानों को भी हटाया जाएगा।

नाले की सफाई में बन रही थी बाधा
नगर निगम का कहना है कि महावीर नाले पर बनी इन दुकानों के कारण वर्षों से नाले की पूरी तरह सफाई नहीं हो पा रही थी। बरसात के मौसम में पानी निकासी प्रभावित होने से जलभराव की समस्या भी बढ़ जाती है। दुकानों को हटाने के बाद नाले की सफाई और मरम्मत का कार्य तेज किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका कम हो।
नगर निगम ने प्रभावित दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई जनहित और सावर्जनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। हादसे की पुनरावृत्ति रोकने और क्षेत्र की पानी निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए यह कदम आवश्यक माना गया है।
Agra News: आगरा में दोस्ती की मिसाल बनी जानलेवा, दोस्त को बचाने उतरा दूसरा किशोर भी डूबा
Agra News: आगरा में जर्जर भवनों का खतरा बरकरार, हादसों के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं तेज हुई?





