Agra News: दिल्ली से आगरा तक यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक निगरानी प्रणाली लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इस योजना की तहत करीब 184 किलोमीटर लंबे हाईवे पर 184 हाई-रिजॉल्यूशन CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। यानी पूरे मार्ग पर लगभग हर एक किलोमीटर की दूरी पर एक कैमरा स्थापित होगा।
इस नई व्यवस्था का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना, दुर्घटनाओं पर तेजी से प्रतिक्रिया देना और यातायात व्यवस्था की बेहतर बनाना है। कैमरों के जरिए पूरे हाईवे की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
24 घंटे कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
एनएचएआई की योजना के अनुसार हाईवे पर लगाए जाने वाले सभी कैमरों को आधुनिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। महुअन टोल प्लाजा और कोटवन टोल प्लाजा पर अत्याधुनिक नियंत्रण केंद्र बनाए जाएंगे, जहां से कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। यदि किसी स्थान पर दुर्घटना, जाम, वाहन खराब होने या अन्य आपात स्थिति की जानकारी मिलती है तो संबंधित टीमों को तुरंत अलर्ट भेजा जाएगा। इससे राहत और बचाव कार्य पहले की तुलना में अधिक तेजी से शुरू हो सकेगा।
हर कैमरा 500 मीटर तक रखेगा नज़र
अधिकारियों के अनुसार हाईवे पर लगाया जाने वाला प्रत्येक कैमरा लगभग 500 मीटर तक के क्षेत्र की निगरानी करने में सक्षम होगा। कैमरों की रणनीतिक लोकेशन तय की जा रही है ताकि सड़क का अधिकतम हिस्सा निगरानी में रहे और किसी भी घटना की जानकारी तुरंत मिल सके। यात्रियों की सुविधा के लिए हाईवे के प्रमुख चौराहों और प्रवेश बिंदुओं पर बड़ी डिजिटल सूचना स्क्रीन भी लगाई जाएंगी। इन स्क्रीन पर सड़क की स्थित, मौसम, ट्रैफिक अपडेट, दुर्घटना, जाम और अन्य जरूरी सूचनाएं वास्तविक समय दिखाई जाएंगी। इससे वाहन चालक पहले से अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे।
नई निगरानी प्रणाली के जरिए हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करना भी आसान होगा। इससे ओवरस्पीडिंग, लापरवाही से वहां चलाने और अन्य नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई में मदद मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
82 किलोमीटर हिस्सा मथुरा सीमा में
दिल्ली से आगरा तक 184 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग का लगभग 82 किलोमीटर हिस्सा मथुरा सीमा में आता है। इसी क्षेत्र में महुअन टोल प्लाजा स्थित है, जहां आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। कैमरों की निगरानी यहीं से संचालित होगी और जरूरत पड़ने पर संबधित एजेंसियों को तत्काल सूचना दी जाएगी।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ (Agra News)
इस परियोजना के लागू होने के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर यात्रा करने वाले लाखों लोगों को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा आधुनिक निगरानी प्रणाली के कारण दुर्घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई, ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार और अपराधों पर नियंत्रण में भी मदद मिलने की उम्मीद है। एनएचएआई जल्द ही कैमरे लगाने का कार्य शुरू करेगा, जिसके बाद हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत हो जाएगी।







