Agra News: आगरा में सड़क निर्माण और मरम्मत के कामों पर महंगाई की बड़ी मार पड़ी है। डामर के दामों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी के कारण जिले में करीब 140 करोड़ रूपये के विकास कार्य अटक गए है। इसका असर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दिखाई देने लगा है। कई प्रमुख सड़के टूटी पड़ी है, लेकिन निर्माण एजेंसियां और ठेकेदार पुराने रेट पर काम करने को तैयार नहीं है।
एक अप्रैल से डामर के दामों में 17 से 18.5 हजार रूपये प्रति मीट्रिक टन तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते लोग निर्माण विभाग, नगर निगम, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और नगर पंचायतों के कई प्रोजेक्ट प्रभावित हो गए हैं। अधिकारियों के अनुसार सरकार ने नए रेट पर समायोजन के निर्देश दिए हैं, लेकिन पुराने टेंडर वाले कार्यों में दिक्कत आ रही है।
शहर की कई प्रमुख सड़के मरम्मत का इंतजार कर रही
डामर की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर सड़क मरम्मत और गड्ढा मुक्त अभियान पर पड़ा है। कैंट रेलवे स्टेशन रोड, आगरा किला के सामने की सड़क, लोहामंडी चौराहा, छठ किमी एमजी रोड, आवास विकास क्षेत्र ओर ताजगंज की कई सड़के लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इन इलाकों में राहगीरों और वाहन चालकों को रोज परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के बाहरी और ग्रामीण इलाकों की स्थिति भी इससे अलग नहीं है। कई गांवों को जोड़ने वाली सड़के गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। शिकायतों के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं।
पीडब्ल्यूडी के करोड़ों रूपये के काम फंसे
लोक निर्माण विभाग के पास जिले में 1719 सड़कें है, जिनकी कुल लंबाई करीब 4370 किलोमीटर बताई जा रही है। हर साल विभाग सड़क निर्माण और मरम्मत पर 150 करोड़ रूपये से अधिक खर्च करता है। इस बार 100 करोड़ रूपये से ज्यादा के टेंडर जारी हो चुके हैं, लेकिन डामर के नए रेट आने के बाद कई ठेकेदारों ने काम रोक दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जनवरी से मार्च के बीच पुराने रेट पर टेंडर जारी हुए थे। अब बाजार में डामर की कीमत बढ़ जाने से निर्माण लागत बढ़ गई है। ऐसे में ठेकेदार पुराने रेट पर काम करने में नुकसान बता रहे हैं।
नगर निगम क्षेत्र में भी असर
नगर निगम के 100 वार्डो में करीब 1600 किलोमीटर लंबी सड़के हैं। हर साल करीब 900 किलोमीटर सड़क निर्माण और मरम्मत का काम कराया जाता है। इस पर लगभग 50 करोड़ रूपये खर्च होते हैं। फिलहाल निगम क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रूपये के काम प्रभावित बताए जा रहे हैं। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक सड़क निर्माण रुकने से रोजाना शिकायतें बढ़ रही हैं। कई इलाकों में लोग गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण परेशान हैं। बारिश शुरू होने से पहले मरम्मत नहीं हुई तो हालात और खराब हो सकते है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्माण कार्य प्रभावित
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के तहत करीब पांच करोड़ रूपये के सड़क के निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार नए टेंडर जारी होने में समय लग सकता है। कई पुराने कामों में भी ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। सात नगर पंचायतों और पांच नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में भी करीब 15 करोड़ रूपये के निर्माण कार्य अटक गए हैं। इन इलाकों में सड़क निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
डामर के दाम में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
जानकारों के अनुसार बीजी-10, बीजी -30, और बीजी -40 श्रेणी के डामर के दामों में बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। पहले जहां बीजी -10 करीब 46 हजार रूपये प्रति मीट्रिक टन था, वहीं अब इसकी कीमत 63 हजार रूपये से ऊपर पहुंच गई है। इसी तरह अन्य श्रेणियों में भी 17 से 18 हजार रूपये तक की बढ़ोतरी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और रिफाइनरी स्तर पर बढ़ी लागत का असर स्थानीय बाजार में दिखाई दे रहा है। इसका सीधा असर सड़क निर्माण योजनाओं पर पड़ा है।
गड्ढा मुक्त अभियान की रफ्तार धीमी
पूर्व पार्षदों और स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढा मुक्त अभियान केवल कागजों तक सीमित होता जा रहा है। कई मुख्य सड़कें महीनों से टूटी पड़ी हैं। एमजी रोड और कैंट रेलवे स्टेशन रोड पर वाहन चालकों को रोज जाम और हादसे का खतरा बना रहता है। सिकंदरा क्षेत्र में पीपी नगर को बाईपुर से जोड़ने वाली 100 मीटर सड़क का निर्माण पिछले छह महीने से अधूरा पड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी काम शुरू नहीं हुआ।
जनता को राहत का इंतजार (Agra News)
डामर की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण आगरा में सड़क निर्माण और मरम्मत की रफ्तार थम गई है। विभागों के सामने बजट और लागत का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की जनता को बेहतर सड़कों के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं। टूटी सड़कें, बढ़ते गड्ढे और अधूरे निर्माण कार्य आने वाले दिनों में लोगो की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।
Agra Crime: आगरा में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, सिकंदरा पुलिस ने गैंग लीडर समेत चार दबोचे








