Agra News: लंबे समय से बुरी हालत में पड़ी आगरा-जलेसर रोड पर सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब एक दशक से निर्माण और चौड़ीकरण की प्रक्रिया में फंसी इस सड़क का रास्ता अब साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ne परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है। लगभग 390 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली 51 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 31 जुलाई को निविदा आमंत्रित की जाएगी। विभाग का लक्ष्य अगले दो वर्षों में निर्माण कार्य पूरा करना है।
एक दशक का इंतजार अब होगा खत्म
आगरा-जलेसर रोड लंबे समय से अपनी खराब स्थिति के कारण लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है। जगह-जगह गहरे गड्ढों के चलते रोजाना हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की ओर से लगातार सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग उठाई जाती रही है। अब परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद लोगों को बेहतर और सुरक्षित सड़क मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
51 किलोमीटर में से 36 किमी आगरा, 15 किमी एटा में
टेडी बगिया से शुरू होकर जलेसर तक जाने वाली इस सड़क की कुल लंबाई 51 किलोमीटर है। इसमें 36 किलोमीटर हिस्सा आगरा जिले में आता है, जबकि 15 किलोमीटर सड़क एटा जिले में पड़ती है। वर्ष 2016 में इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिला था, लेकिन निर्माण प्रक्रिया विभिन्न कारणों से आगे नहीं बढ़ सकी। लोग निर्माण विभाग के अनुसार इस सड़क के निर्माण पर लगभग 390 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण एजेंसी के चयन के लिए 31 जुलाई को निविदा जारी की जाएगी।
पेड़ों की अनुमति मिलने के बाद खुला रास्ता
परियोजना के निर्माण में करीब तीन हजार पेड़ बाधा बन रहे थे। इनके कटान और ट्रांसलोकेशन के लिए सुप्रीम कोर्ट से अनुमति आवश्यक थी। आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद अब सड़क निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। इससे लंबे समय से अटकी परियोजना पर तेजी से काम शुरू होने की उम्मीद है। नई सड़क को आधुनिक मानकों के अनुसार विकसित किया जाएगा। सामान्य हिस्सों में सड़क की चौड़ाई 10 मीटर होगी, जबकि आबादी वाले इलाकों में इसे 14 मीटर तक चौड़ा बनाया जाएगा। इसके साथ डिवाइडर भी बनाया जाएगा ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यातायात अधिक सुरक्षित बन सके।
हजारों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा (Agra News)
आगरा-जलेसर मार्ग पूर्वी आगरा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस सड़क पर प्रतिदिन हजारों छोटे-छोटे वाहन गुजरते है। खराब सड़क के कारण लोगों को सफर में अतिरिक्त समय लगता है और वाहन भी तेजी से खराब होते है। सड़क बनने के बाद आगरा, जलेसर और आसपास के गांवों के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज हो जाएगा।
आगरा: वीडियो बनाकर युवक ने की आत्महत्या, पत्नी और परिवार के नाम छोड़ा भावुक संदेश
Agra News: आगरा, कानपुर, लखनऊ के लोगों के लिए खुशखबरी, नया एक्सप्रेसवे बदलेगा सफर
Agra News: दिल्ली-आगरा हाइवे पर हर 1 KM पर CCTV, सफर होगा पहले से ज्यादा सुरक्षित





