Agra News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा दौरे पर मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के लागू होने के बाद प्रदेश के विश्वविधालयों, सहायता प्राप्त एवं निजी महाविद्यालयों में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों और उनके परिवारों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। योजना के तरत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जाएगा।
शिक्षकों को मिलेगा कैशलेश इलाज का लाभ
अब तक शिक्षकों और उनके आश्रितों को इलाज का खर्च पहले स्वयं वहन करना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में बिना नकद भुगतान के इलाज कराया जा सकेगा। कार्ड जारी होने के साथ ही लाभार्थी योजना का उपयोग कर सकेंगे। स्वास्थ्य कवर में अस्पताल में भर्ती, उपचार, दवाइयों, जांच और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च शामिल रहेगा। इससे शिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
5 लाख रूपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य कवर
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेश चिकित्सा योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सालाना 5 लाख रूपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी। योजना में 1900 से अधिक उपचार पैकेज शामिल किए गए हैं। इनमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी बीमारियां, गंभीर ऑपरेशन और अन्य जटिल उपचार भी शामिल हैं। योजना का संचालन साचीज के माध्यम से किया जाएगा और उपचार की दरें आयुष्मान भारत योजना के अनुरूप रहेंगी।
कार्यक्रम के दौरान पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ समझौते भी किया जाएगा। इसके माध्यम से शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। समझौते के तहत व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, हाइवे दुर्घटना बीमा, अस्पताल में भर्ती होने पर नकद सहायता तथा टर्म लाइफ बीमा जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। इससे कर्मचारियों और उनके परिवार को व्यापक वित्तीय सुरक्षा मिलेगी।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में होगा कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। कार्यक्रम के साथ विश्वविद्यालय की ओर से शोध और नवाचार पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे विभिन्न संस्थानों की उपलब्धियां प्रदर्शित होंगी।
सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम (Agra News)
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी का दी गई है। आमंत्रित अतिथियों को निर्धारित समय तक प्रवेश दिया जाएगा। बीना वैध पहचान पत्र और पास के किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
सरकार का कहना है कि यह योजना उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। योजना लागू होने से इलाज के दौरान आर्थिक बोझ कम होगा और गंभीर बीमारियों के उपचार तक आसान पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।
Agra News: आगरा से लापता दो छात्र हरिद्वार में मिले, CCTV से खुला पूरा रास्ता, पुलिस ने सकुशल लौटाया











