Agra News: आगरा के कमला नगर क्षेत्र से लापता हुए सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के कक्षा नौ के दो छात्रों को पुलिस ने हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों छात्र घरवालों को बिना बताए निकल गए थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि वे अभिभावकों की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर चले गए थे। आगरा पुलिस ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले ट्रेनों की आवाजाही की जानकारी जुटाई और हरिद्वार पुलिस के सहयोग से दोनों छात्रों को सुरक्षित तलाश लिया। शनिवार को दोनों छात्रों को आगरा लाकर उनके परिजनों के सौंप दिया गया।
कमला नगर निवासी प्रथम गुप्ता और एत्माद्दौला क्षेत्र के हनुमान नगर निवासी अनमोल गुप्ता गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचे थे। काफी देर तक तलाश के बावजूद जब दोनों का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने कमला नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बच्चों के अचानक लापता होने से परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी चिंता होने लगी।
स्कूल ड्रेस बदलकर ट्रेन से दिल्ली पहुंचे
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों छात्र घर से स्कूल बैग में कपड़े रखकर निकले थे। उनके पास करीब 1500 रूपये भी थे। स्कूल से निकलने के बाद दोनों राजा की मंडी बाजार पहुंचे, जहां एक छात्र ने नए कपड़े खरीदे। इसके बाद दोनों ने दुकान पर ही स्कूल ड्रेस बदल ली, ताकि पहचान छिपाई जा सके। वहां से दोनों ई-रिक्शा के जरिए कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
CCTV फुटेज ने खोला पूरा रास्ता
छात्रों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई थीं। जांच के दौरान कैंट रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में दोनों छात्रों के ट्रेन में सवार होने की पुष्टि हुई। इसके बाद दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के कैमरों की फुटेज खंगाली गई। वहां पता चला कि दोनों छात्र प्लेटफॉर्म नंबर चार से हरिद्वार जाने वाली ट्रेन में बैठ गए थे। इसी आधार पर पुलिस ने अपनी जांच का दायरा हरिद्वार तक बढ़ाया।
आगरा पुलिस ने तुंरत हरिद्वार पुलिस से संपर्क कर दोनों छात्रों की तस्वीरें और अन्य जानकारी साझा की। संयुक्त कार्रवाई के दौरान शुक्रवार देर रात हर की पौड़ी क्षेत्र से दोनों छात्रों को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम उन्हें सुरक्षित आगरा लेकर पहुंची, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार के सौंप दिया गया।
पूछताछ में बताई घर छोड़ने की वजह (Agra News)
पुलिस पूछताछ में दोनों छात्रों ने बताया कि वे अभिभावकों की पढ़ाई को लेकर डांट से नाराज थे। इसी गुस्से में उन्होंने बिना किसी को बताए घर छोड़ने का फैसला किया। उनका कहना था। की हरिद्वार घूमने के बाद वापस लौटने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें खोज लिया। कमला नगर थाना पुलिस ने दोनों छात्रों की काउंसलिंग की और भविष्य में बिना बताए घर से नहीं निकलने की सलाह दी।
साथ ही परिजनों से भी कहा गया कि बच्चों से संवाद बनाए रखें और किसी भी बात को समझदारी व धैर्य के साथ सुलझाएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समय रहते की गई कार्रवाई और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी नेटवर्क के उपयोग से दोनों छात्रों को सुरक्षित खोजा जा सका।
Agra News: आगरा यूनिवर्सिटी में पेपर लीक पर छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस अलर्ट






