Agra News: देशभर में स्वतंत्रता दिवस से पहले तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान को लेकर उत्साह है। ऐसे बीच आगरा में तिरंगे के अपमान से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक मेटाडोर बड़ी संख्या में तिरंगे और भगवा झंडे सड़क किनारे फेंके जाने का दावा किया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
सिकंदरा औद्योगिक क्षेत्र का बताया जा रहा वीडियो
वायरल वीडियो को आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के औद्योगिक इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में सड़क किनारे एक मेटाडोर दिखाई दे रही है। आरोप है कि ऐसे वाहन से तिरंगे और अन्य झंडे सड़क किनारे पड़े कूड़ेदान के पास फेंके गए। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस को इसकी जानकारी दी। संगठन की ओर से पूरे मामले की जांच और झंडे फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
हिंदू महासभा कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर दी शिकायत
अखिल भारत हिन्दू महासभा के विशाल कुमार के मुताबिक वह किसी काम से सिकंदरा क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कूड़ेदान के पास पड़े तिरंगों पर पड़ी। उन्होंने इसकी जानकारी संगठन के अन्य पदाधिकारियों को दी। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता थाना सिकंदरा पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि तिरंगे को इस तरह सड़क किनारे फेंकना गंभीर मामला है और इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

CCTV फुटेज में मेटाडोर दिखाई दी
शिकायत के बाद सामने आए CCTV फुटेज को भी मामले में अहम माना जा रहा है। फुटेज में एक मेटाडोर सड़क किनारे रुकती हुई दिखाई दे रही है। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि इसी वाहन से झंडे फेंके गए। हिंदू महासभा ने पुलिस से CCTV फुटेज की जांच कर वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान करने की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट को सकेगा कि झंडे किसने और किन परिस्थितियों में वहाँ फेंके थे।
पुलिस ने बरामद किए तिरंगे और भगवा झंडे
शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कूड़ेदान के पास पड़े तिरंगे व भगवा झंडे बरामद किए। अब पुलिस CCTV फुटेज और सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मामले में अभी तक FIR दर्ज नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
कार्रवाई नहीं हुई तो DM कार्यालय जाने की चेतावनी
हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर और विशाल कुमार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि तिरंगे को इस तरह कूड़ेदान के पास फेका जाना गंभीर विषय है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो अगले दिन दोपहर 12 बजे बरामद तिरंगे और भगवा झंडो के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया जाएगा। शिकायत के दौरान थाना सिकंदरा में मीरा राठौर, अवतार गिल, मनीष पंडित, विशाल कुमार, चंदन भारद्वाज, बाबू भाई, विपिन राठौर, बंटी देवी, सौरभ शर्मा और नीतू ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर (Agra News)
फिलहाल वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तिरंगे वहां कैसे पहुंचे और उन्हें सड़क किनारे किसने फेंका, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




