Agra News: आगरा सावन माह के दूसरे सोमवार को होने वाली परिक्रमा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैलाश वनखंडी परिक्रमा मार्ग पर सड़क समतलीकरण, सफाई और झाड़ियों की कटाई का अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि परिक्रमा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
कच्चे मार्ग को बनाया जा रहा समतल
कैलाश वनखंडी परिक्रमा मार्ग का बड़ा हिस्सा कच्चे और हरियाली से घिरे क्षेत्र से होकर गुजरता है। बारिश के मौसम में यह रास्ता जगह-जगह उबड़ खाबड़ और कीचड़युक्त हो जाता है, जिससे श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को आवागमन में परेशानी होती है। इसे देखते हुए नगर निगम ने मार्ग की ट्रेसिंग और समतलीकरण का कार्य शुरू करा दिया है। जहां गड्ढे है, वहां मिट्टी डालकर रास्ते को समतल किया जा रहा है।

झाड़ियों की कटाई और सफाई पर विशेष ध्यान
सड़क सुधार के साथ-साथ मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों की कटाई भी कराई जा रही है। इसके अलावा सफाई अभियान चलाकर पूरे परिक्रमा मार्ग को व्यवस्थित बनाया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य है कि परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। प्रशासन का लक्ष्य है कि कावंड यात्रा और सावन की दूसरी परिक्रमा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो जाएं। इसके लिए नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में काम कर रही है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण (Agra News)
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने हाल ही में कैलाश मंदिर, परिक्रमा मार्ग और आसपास के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क सुधार, प्रकाश व्यस्था, साफ सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरे किए जाएं।
वहीं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि विभिन्न विभागों की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही है। जहां भी मार्ग पर गड्ढे या खराब हिस्से मिले है, वाहन तुरंत सुधार कराया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग मिल सके।





