---Advertisement---

Agra News: आगरा में ट्रैफिक डायवर्जन फेल, छह किलोमीटर तक जाम में फंसे लोग

Published On: January 12, 2026
Follow Us
Agra News: आगरा में ट्रैफिक डायवर्जन के कारण लगा लंबा जाम
---Advertisement---

Agra News: मंटोला नाले की टैपिंग लाइन बिछाने के नाम पर की गई यातायात डायवर्जन व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई। शाहजहां गार्डन से पुरानी मंडी के बीच पाइपलाइन डालने के कार्य के चलते लागू किए गए रूट डायवर्जन ने न सिर्फ स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ाई, बल्कि ताजमहल और आगरा किला देखने आने वाले पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे बने कि एक किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को छह किलोमीटर तक का चक्कर लगाना पड़ा।

नमामि गंगे परियोजना के तहत जल निगम द्वारा शाहजहां गार्डन से पुरानी मंडी तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इस कार्य के चलते यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया, लेकिन इंतजाम काम नहीं आया, नतीजा यह हुआ कि फतेहाबाद रोड, ताजगंज, फूल सैयद चौराहा, बालूगंज, शमशाबाद रोड और रकाबगंज क्षेत्र में दिनभर लंबा जाम लगा रहा।

बालूगंज चौराहे से बिजलीघर और फतेहाबाद रोड से प्रतापपुरा की ओर वाहनों की कतार करीब छह किलोमीटर तक फैल गई। ताजमहल और आगरा किला घूमने आए सैलानियों की टैक्सियां, ई-रिक्शा और ऑटो घंटों तक फंसे रहे। कई पर्यटकों ने बीच रास्ते में ही वाहन छोड़कर पैदल निकलना ही बेहतर समझा।

डीसीपी ट्रैफिक के अनुसार, पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद किया गया है, जबकि शाहजहां पार्क से पुरानी मंडी की ओर सीमित आवाजाही की अनुमति दी गई है। पुरानी मंडी से आगरा किला या शाहजहां पार्क की ओर जाने वाले वाहनों को माल रोड के रास्ते भेजा जा रहा है। वहीं ताजमहल से किला जाने वाले वाहनों को भी माल रोड होकर डायवर्ट किया गया, जिससे उस रूट पर दबाव और बढ़ गया।

डायवर्जन की वजह से रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान दिखे। ऑफिस कर्मचारियों और व्यापारियों को समय पर पहुंचना मुश्किल हो गया। फतेहाबाद रोड पर कुछ मिनट का सफर तय करने में लोगों को एक घंटे से अधिक का समय लग गया।

पहले से ही पाइपलाइन कार्य के कारण फतेहाबाद रोड पर जाम की स्थिति बनी रही है। अब शाहजहां गार्डन से पुरानी मंडी मार्ग बंद होने के बाद सारा दबाव इसी रोड पर आ गया। बिजलीघर, यमुना किनारा और माल रोड की ओर जाने वाले मार्गों पर भी दिनभर वाहन रेंगते रहे। बाहर से आए पर्यटकों का अनुभव रहा खराब परिवार के साथ वीकेंड पर ताजमहल देखने आए लोग जाम में फंसने की वजह से काफी थकान चुके थे।

डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि डायवर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग और सूचना बैनर लगाए गए है, ताकि लोगों को वैकल्पिक मागों की जानकारी मिल सके। एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विकास कार्य जरूरी है, लेकिन उन्हें इस तरह से किया जाना चाहिए जिससे आमलोगों को काम से कम परेशानी हो। लोगों ने सुझाव दिया कि सड़क का काम जल्दी से किया जाए और जहां तक संभव हो वहां रात के समय भी कार्य कराया जाए।

यातायात पुलिस के अनुसार, पुरानी मंडी चौराहे से शाहजहां पार्क तक की सड़क 9 फरवरी तक बंद रहेगी। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गो से भेजा जाएगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए यह साफ है कि अगर व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।

Agra News: आगरा नरीपुरा में आधी रात आग का कहर, 4 दुकानें और 2 कारें जलकर खाक

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा और उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment