Agra Crime News: आगरा जिले से ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जैतपुर थाना क्षेत्र के नहटौली गांव में 24 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके पिता ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, युवती ने कुछ महीने पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध एक फौजी जवान से कोर्ट मैरिज की थी। इसी बात से नाराज पिता ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी शादी
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक मृतका अंकिता शर्मा ने करीब चार महीने पहले गांव के रहने वाले और ITBP में तैनात अमित पचौरी से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद पति अपनी ड्यूटी पर लौट गया, जबकि अंकिता अपने मायके में रह रही थी। परिवार इस विवाह से खुश नहीं था और इसी को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
रविवार देर रात घर में विवाद के दौरान पिता ने पहले बेटी के साथ मारपीट की। इसके बाद कथित रूप से चुन्नी से उसका गला घोंट दिया। घटना के समय घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने पत्नी और बेटे को घर से बाहर भेज दिया और खुद शव के पास बैठा रहा।
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस
युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में युवती का शव मिला। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने के संकेत मिलें। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, परिवार पिछले लगभग 15 वर्षों से जैतपुर क्षेत्र के नहटौली गांव में किराए के मकान में रह रहा था। मृतका B.A तक पढ़ी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पिता निजी नौकरी करते थे।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच (Agra Crime News)
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Agra News: सावन के पहले सोमवार पर राजराजेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ा जनसैलाब
Agra Crime News: नौकरानी ने एक करोड़ की ज्वेलरी की चोरी की, पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा





