Agra News: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार को पेपर लीक के मुद्दे को लेकर छात्र छात्राओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की माँग उठाई। मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाकर हटाया और स्थिति को शांत कराया। छात्र संगठनों का कहना है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से युवाओ का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग (Agra News)
प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उनका आरोप था कि देशभर में परीक्षा और पेपर लीक से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। छात्रों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी लोगों को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री के आगरा दौरे के चलते बदला कार्यक्रम
छात्र संगठनों के अनुसार पहले विरोध प्रदर्शन सोमवार को प्रस्तावित किया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री के आगरा दौरे ओर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया। इसके बावजूद कुछ छात्रों को नई तारीख की जानकारी नहीं मिल सकी और वे शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर पहुंच गए। इसी दौरान उन्होंने पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका
विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाते हुए बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के चलते फिलहाल प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौटने की अपील की। इसके बाद अधिकांश छात्र वापस लौट गए। मौके पर कुछ देर तक पुलिस बल तैनात रहा ताकि परिसर में कानून व्यवस्था बनी रहे।
सोमवार को फिर आंदोलन की तैयारी
प्रदर्शन में शामिल छात्र नेताओं का कहना है कि पेपर लीक के मुद्दे को लेकर उनका आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को फिर से विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सरकार से परीक्षा प्रणाली को लेकर जवाब मांगा जाएगा और पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई जाएगी। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में स्थित सामान्य बनी हुई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
Agra News: आगरा से दिल्ली जा रहे सपा नेताओं को पुलिस ने घर पर की बैरिकेडिंग






