Agra Water Supply: आगरा में शहर के करीब एक लाख लोगों को मंगलवार सुबह पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। हाईवे किनारे चल रहे कार्य के दौरान 16 इंच की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण जलकल विभाग को कई इलाकों की जलापूर्ति रोकनी पड़ रही है। विभाग के अनुसार मरम्मत का कार्य मंगलवार दोपहर तक पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद शाम से पानी की सप्लाई सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।
हाईवे किनारे काम के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन
जानकारी के अनुसार दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) की ओर से बाईपास रोड पर शांति वेद हॉस्पिटल के सामने कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान जलकल विभाग की 16 इंच की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। यह पाइपलाइन सिकंदरा और कैलाशपुरी क्षेत्र सहित हजारों घरों में पेयजल आपूर्ति करती है। घटना की जानकारी मिलते ही जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कर दी। मरम्मत कार्य पूरा होने तक संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति बंद रहेगी।
इन इलाकों में नहीं आएगा पानी (Agra Water Supply)
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण ककरेठा, महर्षिपुरम, हलवाई की बगीची, मादिया कटरा, जगदीशपुरा, नगला पत्थर, घोड़ा, कैलाशपुरी, सिकंदरा, बजरंग नगर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। जलकर विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण करने की अपील की है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। विभाग का कहना है कि मरम्मत पुरी होते ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

जरूरत पड़ने पर टैंकर से मिलेगी पानी की सुविधा
जलकर विभाग ने बताया कि जिन इलाकों में पानी की अधिक आवश्यकता होगी, वहां मांग के अनुसार टैंकर भेजे जाएंगे। नागरिक आवश्यकता होने पर विभाग के कंट्रोल रूम से संपर्क कर टैंकर मंगा सकते हैं।
- कंट्रोल रूम नंबर: 8192095401
- टोल फ्री नंबर: 18002702722
विभाग का अनुमान है कि मरम्मत कार्य मंगलवार दोपहर बाद तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद शाम से चरणबद्ध तरीके से जलापूर्ति बहाल की जाएगी। हालांकि मरम्मत कार्य की प्रगति के अनुसार समय में बदलाव भी संभव है।
Agra News: सावन की दूसरी परिक्रमा से पहले कैलाश वनखंडी मार्ग की मरम्मत, नगर निगम ने तेज की तैयारियां





