Janakpuri Mahotsav: जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति ने वर्ष 2026 के आयोजन को पहले से अधिक भव्य, दिव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार पहली बार भावना एस्टेट रोड पर लगभग 16 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विशाल जनक महल का निर्माण किया जाएगा। आयोजन समिति का दावा है कि यह जनक महल अब तक के सबसे बड़े और आकर्षक मंचों में शामिल होगा। इसके साथ ही यदि प्रशासन से अनुमति मिलती है तो भगवान श्रीराम की राम बारात के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी कराई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।
भव्य जनक महल बनेगा मुख्य आकर्षक
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस बार आयोजन को नई सोच और आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ तैयार किया जा रहा है। भावना एस्टेट रोड स्थित कावेरी कोस्तुभ अपार्टमेंट के पास लगभग 16 हजार वर्गमीटर भूमि पर विशाल जनक महल बनाया जाएगा। इसके लिए मनमोहन अग्रवाल और संजीव अग्रवाल ने आयोजन समिति को भूमि उपलब्ध कराई है। उन्होने बताया कि जनह महल की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए विशेषज्ञों के साथ लगातार विचार-विमर्श किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को मिथिला नगरी का वास्तविक अनुभव कराया जा सके।
राम बारात पर होगी हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
समिति के अनुसार इस वर्ष की सबसे बड़ी विशेषता राम बारात होगी। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद भगवान श्रीराम की बारात के जनकपुरी पहुंचने पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराने की योजना बनाई गई है। इससे आयोजन की भव्यता कई गुना बढ़ जाएगी और श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव मिलेगा। आयोजन समिति ने बताया कि जनकपुरी क्षेत्र में श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए चार भव्य मुख्य द्वार बनाए जाएंगे। पहला द्वार सावित्री देवी पुरुषोत्तम दास कैंसर हॉस्पिटल रोड की ओर, दूसरा भावना एस्टेट, तीसरा केके नगर और चौथा गुरुद्वारा की ओर स्थापित किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था रहेगी। उनके आवागमन को आसान बनाने के लिए गोल्फ कार्ट उपलब्ध कराने की भी योजना है। इसके अलावा चारों प्रमुख मार्गो पर प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) बनाए जाएंगे, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हर प्रवेश द्वार पर होंगी रामायण आधारित झांकियां
मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह ने बताया कि जनक महल के अलावा प्रत्येक प्रवेश द्वार पर रामायण काल की विशेष झांकियां स्थापित की जाएंगी। पूरे जनकपुरी क्षेत्र को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा और आसपास के घरों को भी एक समान थीम के अनुरूप सजाने की योजना है, जिससे पूरा क्षेत्र मिथिला नगरी का स्वरूप प्रस्तुत करेगा।
श्रृंगी ऋषि की कथा से भी होंगे श्रद्धालु परिचित
कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल और मुख्य संरक्षक मनोज बंसल ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम की बहन शांता और उनके पति श्रृंगी ऋषि के जीवन से भी परिचित कराया जाएगा। इसके लिए विशेष झांकी तैयार होगी। उन्होंने कहा कि श्रृंगी ऋषि का आश्रम आगरा जनपद में होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को इसकी जानकारी नहीं है इसलिए इस विषय को भी महोत्सव का हिस्सा बनाया जाएगा।
महिला समिति का गठन और जिम्मेदारियां घोषित
बैठक के दौरान महिला समिति की नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। अमृता पोरवाल को महिला समिति का अध्यक्ष बनाया गया। उनके साथ डॉ. रुचि चतुर्वेदी, आरती शर्मा, सूची खंडेलवाल, शीतल अग्रवाल, एकता बसंल, सीमा सिंह, दीप्ति नरेंद्र अग्रवाल, और शालिनी पोरवाल को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई ।

कोर कमेटी को भी सौंपी गई अहम जिम्मेदारी
आयोजन समिति ने कोर कमेटी का भी गठन किया। इसमें संतोष कटारा को मुख्य संरक्षक, समय गोयल को मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मनोज बंसल को मुख्य संयोजन, धर्मेश जैन को मुख्य समन्वयक, अंकुश मित्तल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आकाश गोयल को कोषाध्यक्ष तथा राणा सुनील सिंह को मीडिया प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा कई अन्य सदस्यों को भी आयोजन की अलग-अलग जिम्मेदारिया दी गई है।
लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी (Janakpuri Mahotsav)
आयोजन समिति का कहना है कि हर वर्ष जनकपुरी महोत्सव में लाखों श्रद्धालु पहुंचते है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं और निकासी मार्गों की बेहतर व्यवस्था की जा रही है। समिति का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य आयोजन का अनुभव करना है।
Agra Accident: फतेहाबाद सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, शोक में बंद रहा सदर बाजार









