Agra Crime News: आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में एक कोचिंग संचालक पर ऑनलाइन कोचिंग की तलाश कर रही छात्रा को बहाने से होटल बुलाकर कथित तौर पर गलत हरकत करने के प्रयास का आरोप लगा है। छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
कॉलेज में प्रवेश दिलाने का दिया झांसा
जानकारी के अनुसार शाहगंज निवासी एक छात्रा ऑनलाइन कोचिंग की जानकारी तलाश रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आवास विकास कॉलोनी में कोचिंग संचालित करने वाले एक व्यक्ति से हुई। आरोप है कि उसने छात्रा को कोचिंग के साथ कॉलेज में प्रवेश दिलाने का भरोसा दिलाया और बातचीत के दौरान उसका मोबाइल नंबर ले लिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों बाद आरोपी ने छात्रा से संपर्क कर उसे जरूरी बातचीत के बहाने सिकंदरा क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया।
होटल में बंद किया कमरा, छात्र ने मचाया शोर
छात्रा का आरोप है कि होटल पहुंचने के बाद आरोपी उसे कमरे में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। इस दौरान उसने जबरदस्ती करने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए जोर-जोर से शोर मचाया और अपने भाई को फोन कर पूरी जानकारी दी। कुछ ही देर में परिजन और आसपास के लोग होटल पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को कमरे से बाहर निकालकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
आपत्तिजनक सामान मिलने का दावा
- मौके पर मौजूद लोगों का दावा है कि आरोपी के पास से कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिला, जिसके बाद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर अपने कब्जे में लिया और पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच (Agra Crime News)
पुलिस का कहना है कि छात्रा की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। होटल में मौजूद कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मामले में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Agra News: आगरा में 17 घंटे बाद जिंदा हुई महिला की हालत में सुधार, ICU में इलाज जारी




