Agra Crime News: आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में एक युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सोनू चौधरी के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि सोनू की हत्या की गई है और इसके पीछे उसकी प्रेमिका के परिवार का हाथ हो सकता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
छह साल चल रहा था प्रेम संबंध
परिजनों के अनुसार सोनू चौधरी मूल रूप से कैलाश मोड़, महादेव नगर का रहने वाला था और जूते की कंपनी में काम करता था। बताया गया कि उसका पिछले छह साल से मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दोनों परिवारों के बीच सहमति नहीं बन सकी। परिजनों का कहना है कि युवती के घरवालों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी, जिससे सोनू मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
शादी में जाने की बात कहकर निकला था
परिवार के मुताबिक 22 जुलाई को युवती की शादी थी। उसी दिन सोनू घर से यह कहकर निकला था कि वह शादी में जा रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। करीब दस दिन तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद मंगलवार को सूचना मिली कि शास्त्रीपुरम क्षेत्र के एक नाले में युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई।
एक महीने से दोस्त के घर रह रहा था
बताया गया कि कुछ समय पहले घर में हुए विवाद के बाद सोनू नाराज होकर चला गया था। पिछले एक महीने से वह शास्त्रीपुरम में अपने एक दोस्त के घर रह रहा था। सोनू के दोस्त ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमिका की शादी को लेकर काफी परेशान परेशान था। शादी से दो दिन पहले उसने घर जाने की बात कही थी और फिर वो चला गया। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। दोस्त को यह जानकारी नहीं थी कि वह आखिर कहाँ गया।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के भाई और पिता का आरोप है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं बल्कि हत्या है। उनका कहना है कि सोनू कमजोर दिल का व्यक्ति नहीं था और वह ऐसा कदम नहीं उठा सकता था। परिवार ने आरोप लगाया कि प्रेम संबंध और शादी को लेकर चल रहे विवाद के कारण उसके साथ अनहोनी हुई है। परिजनों का यह भी कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले भी भी इस रिश्ते को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन बाद में युवती की शादी दूसरी जगह तय कर दी गई, जिससे तनाव बढ़ गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार (Agra Crime News)
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य सबूतों भी खंगाल रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
Agra News: आगरा में 31 जुलाई तक प्रॉपर्टी टैक्स भरें 10% छूट का आखिरी मौसा
Agra Crime News: बंद मकान से युवती का शव मिला, पति ताला लगाकर फरार, पुलिस जांच तेज










